Bihar:भागलपुर आएगी राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, टीएमबीयू में लगी तिलकामांझी की प्रतिमा का करेंगी अनावरण

Reena Sharma
2 Min Read

भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) प्रशासनिक भवन के सामने स्थित पार्क में स्वतंत्रता सेनानी आदिवासी नायक तिलकामांझी की प्रतिमा स्थापित की गई है। शहीद तिलकामांझी की 8 फीट ऊंची और करीब 800 किलो वजन वाली कांस्य प्रतिमा विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित की गई है। इस प्रतिमा का अनावरण राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों होने की संभावना है। दरअसल, विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा प्रतिमा के अनावरण के लिए राष्ट्रपति मुर्मू को जुलाई माह में आमंत्रित किया गया है।

विवि प्रशासन ने राष्ट्रपति को आमंत्रण भेजा है। इसके साथ ही उनके आगमन को लेकर दिल्ली से संभावित तिथियां मांगी गई थीं। विश्वविद्यालय की ओर से जुलाई माह की तीन तिथियां प्रस्तावित की गई हैं। इन्हीं में से किसी एक तिथि पर राष्ट्रपति के आगमन की उम्मीद जताई जा रही है।

‘तिलकामांझी पीठ’ की स्थापना की योजना

विश्वविद्यालय प्रशासन इस ऐतिहासिक क्षण को और भी खास बनाने के लिए अमर शहीद तिलकामांझी की स्मृति में एक विशेष स्मारिका भी प्रकाशित करेगा। साथ ही ‘तिलकामांझी पीठ’ की स्थापना की भी योजना बनाई गई है, ताकि क्षेत्रीय इतिहास और शोध को प्रोत्साहन मिल सके।

एम्फीथिएटर का निर्माण जारी

प्रतिमा के साथ-साथ तिलकामांझी पार्क में एक एम्फीथिएटर का निर्माण भी तेज़ी से जारी है। पूरी परियोजना पर लगभग एक करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है, जिसमें स्थानीय जनसहयोग के साथ-साथ एनटीपीसी, कहलगांव द्वारा भी आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया है।

Share This Article