बिहार में आज एनडीए की नई सरकार बनने जा रही है। नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ कई मंत्रियों को भी शपथ लेना है। इस बार नीतीश कैबिनेट में कई पुराने चेहरों के साथ नए नामों को भी जगह मिलने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवा चेहरों को भी मौका दिया जाएगा।

किस दल से कितने मंत्री शामिल होंगे?
नई कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत कुल 20 सदस्यों को जगह मिली है। इसमें जदयू के कोटे से 8 मंत्री बनेंगे। वहीं भाजपा से 8, लोजपा रामविलास से तीन और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोमो से एक मंत्री बनेगा। मंत्रि मंडल में सभी सहयोगी दलों को उनकी संख्या के आधार पर प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की गई है।
श्रेयसी सिंह और रमा निषाद भी बनेंगी मंत्री
नई सरकार में आज बीजेपी से पुराने चेहरों में मंगल पांडेय और नितिन नवीन मंत्री बनेंगे। वहीं सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा का नाम पहले से तय है। इन्हें डिप्टी सीएम बनाया जाएगा। इनके अलावा नए चेहरों को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। दूसरी ओर बीजेपी दो महिला चेहरों को मंत्री बनाने जा रही है। आज श्रेयसी सिंह और रमा निषाद मंत्री पद की शपथ लेंगी। वहीं संजय टाइगर भी मंत्री बनने जा रहे हैं। दानापुर से जीते रामकृपाल यादव को भी मंत्री बनाया जाएगा।
जेडीयू कोटे से इन्हें मिल सकता है मौका
जेडीयू कोटे से इन नेताओं मंत्री बनाया जा सकता है। अशोक चौधरी, विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, सुनील कुमार, लेसी सिंह, मदन सहनी, मोहम्मद जमा खान। इसके अलावा जेडीयू में 1-2 नए चेहरों को भी मौका मिलने की संभावना है।
जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश
सूत्रों के मुताबिक, दीपक प्रकाश, जो आरएलएम से आते हैं और उपेंद्र कुशवाहा के पुत्र हैं, उन्हें भी कैबिनेट में जगह मिल सकती है। इसके अलावा लोजपा से राजू तिवारी को मंत्री पद मिलने की चर्चा है। इन नए चेहरों के आने से कैबिनेट में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश साफ दिख रही है।

