पाकुड़ शहरी क्षेत्र में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने छापेमारी कर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक निरुद्ध बालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर आधा दर्जन (छह) चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद के नेतृत्व में की गई। मामले का खुलासा एसडीपीओ दयानंद आजाद ने पत्रकार सम्मेलन के दौरान किया। उन्होंने बताया कि 7 फरवरी को बैंक कॉलोनी क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर SIT का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी की और पांचों अपराधियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में आकाश कुमार सिंह, अरविंद केसरी, लालटू शेख और लालचंद शेख शामिल हैं, जो मुफस्सिल थाना और नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई छह मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गई हैं। गिरफ्तार अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि निरुद्ध बालक के मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

