डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर : बिरसानगर थाना अंतर्गत हुरलुंग पंचायत भवन के समीप गुरुवार की रात अवैध जुए के खेल को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद नशे में धुत एक युवक ने ट्रैक्टर चलाकर वहां खड़ी तीन मोटरसाइकिलों को रौंद डाला और हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना के बाद साप्ताहिक हाट में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जुए के फंड पर संचालकों से बहस के बाद युवक प्रतिशोध में ट्रैक्टर लेकर लौटा था। उसने बाजार में खड़ी बाइकों को कुचल दिया और फायरिंग की, जिससे पूरा इलाका गूंज उठा। सूचना मिलने पर बिरसानगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
पुलिस अब फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार और आरोपी की तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाट बाजार में सरेआम चल रहे जुए और इस तरह की हिंसक घटना ने इलाके की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

