पाकिस्तान को जवाब देने वाली सेना को सलाम! रांची में BJP और पूर्व सैनिकों ने निकाली 100 फीट लंबी तिरंगा रैली

mirrormedia
2 Min Read

मिरर मीडिया संवाददाता, रांची: पाकिस्तान पर भारत की सर्जिकल कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के उपलक्ष्य में राजधानी रांची में बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भारतीय सेना के सम्मान और वीरता को सलाम करते हुए इस तिरंगा यात्रा का आयोजन भाजपा और पूर्व सैनिकों द्वारा किया गया। शहीद चौक से भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल तक निकाली गई इस यात्रा में देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

पूर्व सैनिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने 100 फीट लंबा तिरंगा लेकर जब मार्च निकाला तो शहर का माहौल ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ और ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ के नारों से गूंज उठा। प्रतिभागियों के हाथों में सेना के जवानों की तस्वीरें, ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी तख्तियां और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर नजर आए। इस अवसर पर लोगों को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और भारत की सुरक्षा-संप्रभुता के महत्व के बारे में जागरूक भी किया गया।

इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, विधायक सी.पी. सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता, पूर्व सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए।

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा,

“यह तिरंगा यात्रा भारतीय सेना को सैल्यूट करने का प्रतीक है। ऑपरेशन सिंदूर ने साबित कर दिया है कि भारत अब आतंक का जवाब सीधे दुश्मन की सरहद में घुसकर देता है।”

वहीं राज्यसभा सांसद ने कहा कि आने वाले दिनों में ऐसे तिरंगा यात्रा हर जिला, प्रमंडल और मंडल मुख्यालय में आयोजित किए जाएंगे, ताकि जनता देश की सेनाओं के साथ खड़ी हो।

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ने कहा,

“सेना ने पाकिस्तान को जिस तरह घुटनों पर ला दिया, वह हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। यही गौरव साझा करने के लिए यह तिरंगा यात्रा निकाली गई है।”

रांची की सड़कों पर देशभक्ति के रंग में रंगी यह यात्रा न केवल सेना को सम्मान देने का प्रतीक बनी, बल्कि यह संदेश भी दे गई कि हर भारतीय, हर वक्त देश की सेना के साथ खड़ा है।

Share This Article
Follow:
Mirror media digital laboratory Pvt. Ltd. Established February 2019. It is a Social Website channel Releted to News From all over india and Abroad with Reflection of truth. Mirror media is Connecting the people 24x7 and show all news and Views