कोरोना टीकाकरण का आंकड़ा 100 करोड़ के पार होने भाजपा ने जताई ख़ुशी

Anupam Kumar
3 Min Read

जमशेदपुर। देशभर में कोरोना टीकाकरण का आंकड़ा 100 करोड़ के पार होने की ख़ुशी जमशेदपुर महानगर के कार्यकर्ताओं पर भी दिखाई दे रही है। भाजपा ने इस बड़ी उपलब्धि पर ख़ुशी ज़ाहिर करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश समेत कोरोना के खिलाफ छेड़े गए मुहिम में शामिल तमाम कोरोना वॉरियर्स के प्रति आभार जताया है। गुरुवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ विश्व के सबसे बड़े निःशुल्क टीकाकरण अभियान में देश ने एतिहासिक लक्ष्य हासिल किया है। देश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व में 100 करोड़ डोज लगाने के आंकड़े को पार कर पूरी दुनिया के सामने एक मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल की विषम परिस्थियों के बीच शुरू हुए इस अभियान में 100 करोड़ टीकाकरण की उपलब्धि हासिल करना किसी चमत्कार से कम नहीं है। उन्होंने भारतीय वैज्ञानिकों, चिकित्साकर्मियों और कोरोना के खिलाफ जंग में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले तमाम कोरोना वारियर्स के समर्पण एवं योगदान के प्रति आभार जताया। उन्होंने पार्टी द्वारा सेवा ही समर्पण अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किये गए सेवा कार्यों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि महानगर अध्यक्ष गुँजन यादव के नेतृत्व में जिला कमेटी समेत महानगर के सभी कार्यकर्ताओं ने जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर उनकी सेवा की। श्री महतो ने पीएम केयर्स फण्ड के तहत जमशेदपुर में लगे ऑक्सिजन प्लांट का जिक्र करते हुए कहा कि टीकाकरण के पश्चात ऑक्सिजन की पर्याप्त उपलब्धता संभावित तीसरे लहर के असर को पूर्ण रूप से खत्म कर देगा। देश में शुरुआत में वैक्सीन के प्रति लोगों में हिचकिचहट भी देखने को मिली। जागरूकता व जानकारी के आभाव में लोग इसे लेने से पीछे हटते दिखे। खासतौर पर ग्रामीण इलाकों में लोगों में वैक्सीन को लेकर तरह तरह की भ्रांतियां फैली हुई थी। परंतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमाम चुनौतियों का सामना करते हुए देश एवं देशवासियों को सुरक्षित किया। कहा कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है, हमारे सामने अभी भी चुनौतियां हैं। ऐसे में बचे लोगों से जल्द कोरोना रोधी टीका लगाने की अपील की।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *