बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी ने उतारी स्टार प्रचारकों की फौज, 40 दिग्गजों को मिली जिम्मेदारी

Neelam
By Neelam
3 Min Read

पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव पर पूरे देश के निगाहें टिकी है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई बांकीपुर सीट बीजेपी के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन गया है। जनसुराज की ओर से खुद प्रशांत किशोर मैदार में हैं। यही वजह है कि पार्टी ने अपने प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है।

40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट

40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी। लिस्ट में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से लेकर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ नेता, सांसद, अभिनेता-राजनेता मनोज तिवारी, गायक पवन सिंह और पहली बार विधायक बनीं मैथिली ठाकुर समेत कई बड़े नाम शामिल हैं। ये सभी बीजेपी प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे।

लिस्ट में सबसे ऊपर नितिन नवीन का नाम

बीजेपी की ओर से जारी लिस्ट में सबसे ऊपर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का नाम है। दूसरे स्थान पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और तीसरे स्थान पर बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को जगह दी गई है। इसके अलावा स्टार प्रचारकों में विनोद तावड़े, दीपक प्रकाश, नित्यानंद राय, गिरिराज सिंह, राधा मोहन सिंह, संजय जायसवाल, रविशंकर प्रसाद, सतीश चंद्र दुबे, राजभूषण चौधरी और मंगल पांडेय भी शामिल हैं।

पवन सिंह को मिली सूची में जगह

बीजेपी ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची में पवन सिंह को शामिल करके एक तीर से कई निशाने साधे हैं। पटना और आसपास के युवाओं में पवन सिंह की दीवानगी जगजाहिर है। बीते चुनाव में उनका गाया गाना ‘जोड़ी मोदी-नीतीश के हिट होई’ काफी चर्चित रहा था। इसके अलावा मनोज तिवारी भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल हैं।

बांकीपुर सीट बीजेपी के लिए साख की लड़ाई बनी

बता दें कि बांकीपुर सीट बीजेपी के लिए साख की लड़ाई बन गई है। यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई है। उनसे पहले उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भी यहां से लंबे समय तक प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। पिछले कई दशकों से इस सीट पर इसी परिवार और बीजेपी का एकछत्र राज रहा है। इस चुनाव की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीजेपी ने पहले युवा नेता अभिषेक कुमार उर्फ बंटी को टिकट दिया था, जिन्होंने नामांकन भी कर दिया था। लेकिन पीके की मजबूत घेराबंदी को देखते हुए रणनीति बदली गई और बंटी के हटने के बाद तुरंत पुराने संगठनकर्ता नीरज कुमार सिन्हा को नया उम्मीदवार बनाकर मैदान में उतारा गया।

Share This Article