राज्यसभा की रेस से बाहर हुए पवन सिंह के लिए बीजेपी के पास एक और प्लान?

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार की राजनीति में राज्यसभा चुनाव की चर्चा के साथ नई सियासत शुरू हो गई है। एनडीए की ओर से जेडीयू के नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर, बीजेपी से राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश कुमार राम, तथा रालोमो सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा ने पर्चा दाखिल कर दिया है। 

नितिन नवीन करेंगे नई पारी की शुरूआत

इन नामों में अगर किसी की सबसे ज्यादा चर्चा है तो वो हैं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। जो सीएम पद छोड़ राज्यसभा जाने की तैयारी में हैं। नीतीश कुमार के इस फैसले ने पूरे प्रदेश का सियासी पारा हाई कर दिया है। वहीं दूसरी तरफ भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भी राज्यसभा के साथ नई पारी की शुरूआत को लेकर बातें हो रही हैं।

नितिन नवीन के बाद बांकीपुर सीट पर सबकी नजर

दरअसल, नितिन नवीन वर्तमान में बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। अगर वह राज्यसभा के लिए निर्वाचित होते हैं तो उन्हें विधायक पद से इस्तीफा देना होगा। ऐसे में बांकीपुर सीट पर उपचुनाव होना तय माना जा रहा है। यही कारण है कि अब यह सवाल उठने लगा है कि इस हाई-प्रोफाइल सीट से भाजपा किसे उम्मीदवार बनाएगी।

कौन होगा नितिन नवीन ‘उत्तराधिकारी’?

नितिन नवीन के राज्यसभा जाने पर अब बीजेपी ने उनके ‘उत्तराधिकारी’ की तलाश शुरू कर दी है। इस बीच एक बार फिर भोजपुरी के ‘पावर स्टार’ कहे जाने वाले पवन सिंह के नाम की चर्चा शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि भोजपुरी सुपरस्टार को भाजपा बांकीपुर विधानसभा सीट से विधानसभा भेज सकती है।

राज्यसभा के लिए नहीं मिला टिकट

बता दें कि राज्यसभा के लिए बीजेपी की लिस्ट नहीं आने तक चर्चा थी कि बीजेपी पवन सिंह को राज्यसभा भेज सकती है। हालांकि, जब उम्मीदवारों की लिस्ट आई उसमें पवन सिंह का नाम नहीं था। उनकी जगह बीजेपी शिवेश राम को राज्यसभा भेज रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि बीजेपी नेतृत्व बांकीपुर के उपचुनाव में पवन सिंह के नाम पर गंभीरता से विचार कर सकता है।

Share This Article