डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव होने हैं, और 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। ऐसे में शुक्रवार को भाजपा ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है, जिसे ‘संकल्प पत्र’ नाम दिया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रेसवार्ता के दौरान इसे “विकसित दिल्ली का आधार” बताया।
बिजली-पानी योजनाएं रहेंगी जारी
जेपी नड्डा ने कहा कि जो योजनाएं पहले से चल रही हैं, वे जारी रहेंगी। इससे साफ है कि दिल्ली के लोग बिजली-पानी जैसी सुविधाओं का लाभ पहले की तरह उठाते रहेंगे।
भाजपा ने बदली राजनीतिक संस्कृति: नड्डा
जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने भारत की राजनीतिक संस्कृति को बदला है। अब घोषणा पत्र सिर्फ कागजों पर नहीं रहता, बल्कि धरातल पर उतारा जाता है। उन्होंने कहा, 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में किए गए 95% वादे पूरे हुए हैं, और बाकी जल्द पूरे होंगे।
केजरीवाल और आप पर हमला
नड्डा ने अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कोरोना संकट के दौरान पूर्वांचल के लोगों को आनंद विहार ले जाकर छोड़ दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल उस समय लोगों को गुमराह करने और शराब घोटाले में व्यस्त थे, जबकि प्रधानमंत्री मोदी टीकाकरण और सेवा कार्यों में जुटे हुए थे।
महिलाओं और गरीबों के लिए बड़े ऐलान
भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में महिलाओं और गरीबों के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं:
1. महिला समृद्धि योजना: महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और हरियाणा की तर्ज पर दिल्ली में भी महिलाओं को 2500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे।
2. सस्ती रसोई गैस: गरीब महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर मिलेगा। होली और दीपावली पर दो मुफ्त सिलेंडर दिए जाएंगे।
3. गर्भवती महिलाओं के लिए सहायता: गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपये नकद और न्यूट्रिशन किट प्रदान की जाएगी।
स्वास्थ्य और पेंशन योजनाएं
आयुष्मान भारत योजना:51 लाख दिल्लीवासियों को इसका लाभ मिलेगा। इसके साथ ही दिल्ली सरकार की ओर से 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा, जिससे कुल 10 लाख का बीमा कवर होगा।
बुजुर्गों के लिए विशेष योजना: 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा। 60-70 आयु वर्ग के बुजुर्गों को 2500 रुपये पेंशन दी जाएगी।
दिव्यांग, विधवा और वंचित वर्ग: इन लोगों की पेंशन 2500 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये कर दी जाएगी।