नियामतपुर: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी चुनावी तैयारियों को और तेज कर दिया है। इसी क्रम में राजस्थान के खंडार से भाजपा विधायक एवं आसनसोल जिला प्रभारी जितेंद्र गोठवाल शनिवार देर शाम नियामतपुर स्थित मारवाड़ी युवा मंच कार्यालय पहुंचे।
इस दौरान कुल्टी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अजय कुमार पोद्दार भी उनके साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम में उन्होंने नियामतपुर के राजस्थानी समाज के लोगों से सीधा संवाद कर उनकी अपेक्षाओं और सुझावों को सुना।
कार्यक्रम के दौरान मारवाड़ी युवा मंच, चैंबर ऑफ कॉमर्स तथा श्री श्याम एवं दादी मंदिर से जुड़े सदस्यों ने अतिथियों का भव्य स्वागत और सम्मान किया। पूरे आयोजन में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।
अपने संबोधन में जितेंद्र गोठवाल ने कुल्टी विधानसभा में भाजपा की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने के लिए समाज के सभी वर्गों से एकजुट होकर पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल की जनता बदलाव के लिए तैयार है और इस बार भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और व्यापक जनसमर्थन के दम पर भाजपा इस चुनाव में नया इतिहास रचने के लिए तैयार है।
कार्यक्रम के बाद जितेंद्र गोठवाल ने नियामतपुर स्थित श्री श्याम एवं दादी मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच के राहुल अग्रवाल, नमन बंसल, ऋषभ अग्रवाल, रोहन अग्रवाल, कृष्णा अग्रवाल, अजय गोयल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

