डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुरुलिया जिले में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। भारतीय जनता पार्टी ने जिले में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में पार्टी के दिग्गज नेताओं और स्टार प्रचारकों का पुरुलिया आगमन शुरू हो चुका है।
11 अप्रैल: गृहमंत्री अमित शाह का बाघमुंडी दौरा
पश्चिम बंगाल प्रदेश कमेटी के पदाधिकारी विद्यासागर चक्रवर्ती ने जानकारी दी है कि आगामी 11 अप्रैल को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पुरुलिया के बाघमुंडी विधानसभा क्षेत्र में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
उद्देश्य: बाघमुंडी से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाना।
स्थान: फिलहाल भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए एक बड़े मैदान की तलाश की जा रही है। जल्द ही वेन्यू फाइनल कर लिया जाएगा।
19 अप्रैल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा
गृहमंत्री के दौरे के ठीक आठ दिन बाद, यानी 19 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद जिले के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचेंगे।
संभावित स्थल: सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी की जनसभा जयपुर विधानसभा क्षेत्र के कोटशिला स्थित टाली सेंटर मैदान में होने की प्रबल संभावना है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
योगी आदित्यनाथ के दौरे पर भी टिकी निगाहें
स्टार प्रचारकों की इस सूची में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम भी शामिल है। खबर है कि वह भी जल्द ही पुरुलिया में दहाड़ते नजर आएंगे। फिलहाल उनके कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही है और जल्द ही तारीख का ऐलान किया जाएगा।

