सीतारामडेरा में खूनी संघर्ष, सरेआम फायरिंग और चापड़बाजी से दहला छायानगर

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: लौहनगरी के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छायानगर (डिब्बा लाइन बस्ती) मंगलवार देर रात रणक्षेत्र में तब्दील हो गई। पुरानी रंजिश को लेकर हथियारबंद अपराधियों ने जमकर तांडव मचाया। इस हिंसक वारदात में दो युवकों पर चापड़ से जानलेवा हमला किया गया और फायरिंग की गई, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

वारदात का घटनाक्रम: सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर मारा
अमित स्टोर के पास हुई इस घटना ने पूरी बस्ती में दहशत फैला दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधियों ने सन्नी पुष्टि उर्फ जगन्नाथ और नंदू लोहार को सड़क पर दौड़ाया। पहले उन पर चापड़ से ताबड़तोड़ वार किए गए और फिर दहशत फैलाने के लिए गोलियां चलाई गई। सन्नी पुष्टि (28 वर्ष) की हालत अत्यंत नाजुक है। वहीं घायल नंदू लोहार के हाथ में लगी गोली है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी (मुख्यालय-1) भोला प्रसाद सिंह और थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 6 संदिग्धों को दबोचा है, जिनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ जारी है।

आपराधिक इतिहास और आपसी रंजिश
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि घायल और हमलावर दोनों पक्षों का आपराधिक इतिहास रहा है। नंदू लोहार तीन माह पहले ही चोरी के मामले में जेल से छूटा था। सन्नी पुष्टि नशीले पदार्थो की तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है।सन्नी की बहन सोनी ने सुरु भुइयां के बेटों (संजय, पाल और आजाद) के साथ उनके साथियों करण और प्रिंस लोहार पर हमले का सीधा आरोप लगाया है। पुलिस इसे पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई मानकर जांच कर रही है।

पुलिस की सुस्ती पर भड़कीं महिलाएं
वारदात के बाद बस्ती की महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तनाव को देखते हुए छायानगर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि फरार मुख्य आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article