घाटशिला उप चुनाव: मतदान से पहले ‘वोटर स्लिप’ का महाअभियान, 11 नवंबर के लिए बीएलओ कर रहे तैयार

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : घाटशिला उप चुनाव को लेकर मतदाता सूचना पर्ची (वोटर इन्फॉर्मेशन स्लिप) का वितरण कार्य तेज़ी पर है। इसका लक्ष्य 5 नवंबर तक सभी मतदाताओं तक पर्ची पहुंचाना निर्धारित किया गया है।

घर-घर पहुंच कर मतदान के लिए प्रोत्साहन
सभी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) मतदाताओं के घर-घर जाकर यह पर्ची वितरित कर रहे हैं और उन्हें आगामी 11 नवंबर को अपने बूथ पर जाकर मतदान करने की पुरजोर अपील कर रहे हैं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने आरओ (रिटर्निंग ऑफिसर) और एआरओ (असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर) को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि बीएलओ के माध्यम से शत-प्रतिशत मतदाताओं के बीच मतदाता सूचना पर्ची का वितरण हो।

रंगीन वोटर गाइड और डिजिटल ऐप्स की जानकारी
300 मतदान केन्द्रों से जुड़े बीएलओ, मतदाता सूचना पर्ची के साथ एक रंगीन वोटर गाइड भी उपलब्ध करा रहे हैं। इस गाइड में चित्रों के माध्यम से मतदाताओं को यह बताया गया है कि वे ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) का उपयोग करके कैसे मतदान करें। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं और ऐप्स सक्षम-ईसीआई एप, वोटर हेल्पलाइन ऐप, अपने अभ्यर्थी को जानें (नो योर कैन्डिडेट) ऐप, सी-विजिल ऐप की भी विस्तृत जानकारी दी गई है।

वोटर गाइड में पंजीकरण, मतदान, दिव्यांगजनों व वरिष्ठजनों को घर से मतदान की सुविधा (होम वोटिंग) और डाक मतपत्र (पोस्टल बैलेट) की सुविधा के बारे में भी बताया गया है।

शिकायत और सहायता

अगर किसी मतदाता को मतदाता सूचना पर्ची प्राप्त नहीं होती है, तो वे 1950 हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत मिलने पर संबंधित बीएलओ द्वारा उनके निवास स्थान पर पर्ची उपलब्ध करा दी जाएगी।

Share This Article