जल्द शुरू होगी यमुना में बोट सेवा

mirrormedia
3 Min Read

संवाददाता, मिरर मीडिया: दिल्लीवासियों के लिए एक नई सौगात आने वाली है। भाजपा सरकार ने यमुना नदी में बोट सेवा और जल पर्यटन शुरू करने का बड़ा फैसला लिया है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इस परियोजना को मूर्त रूप देने जा रही हैं। इस पहल का उद्देश्य न केवल यमुना को साफ-सुथरा बनाना है, बल्कि इसे दिल्ली में एक आकर्षक पर्यटन स्थल और वैकल्पिक यातायात मार्ग के रूप में विकसित करना भी है। 11 मार्च को इस परियोजना को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौता (MoU) किया जाएगा।

जलमार्ग से यात्रा का सपना होगा साकार

परियोजना के पहले चरण में सोनिया विहार से जगतपुर (शनि मंदिर) के बीच बोट सफर की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद इसे अन्य हिस्सों में भी विस्तार दिया जाएगा। भाजपा सरकार ने अगले तीन वर्षों में यमुना रिवर फ्रंट विकसित करने का वादा किया है, जिससे यह क्षेत्र पर्यटन के लिहाज से और भी आकर्षक बनेगा।

इस समझौते पर केंद्रीय नौवहन मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, जल संसाधन मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा की उपस्थिति में हस्ताक्षर होंगे। इस दौरान भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI), दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), दिल्ली जल बोर्ड (DJB) और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग समेत कई एजेंसियां आपस में समझौता करेंगी।

पर्यटन और यातायात दोनों को मिलेगी रफ्तार

यमुना में नौका सेवाएं शुरू होने से दिल्ली के यातायात पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा। सड़क मार्ग से सोनिया विहार से जगतपुर की दूरी 8.4 किलोमीटर है, लेकिन नदी के रास्ते यह दूरी आधी हो जाएगी। इससे लोगों को यातायात के एक नए विकल्प के रूप में बोट सेवा का लाभ मिलेगा और दिल्ली के व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक की समस्या भी कम होगी।

डीडीए और अन्य संबंधित विभाग यमुना के किनारों के सौंदर्यीकरण और बायोडायवर्सिटी पार्क के विकास पर भी काम कर रहे हैं। जलमार्ग को सुगम बनाने के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार किया जाएगा, जिससे नागरिकों को किफायती दरों पर यात्रा करने का मौका मिलेगा।

जल्द शुरू होंगी बोट सेवाएं

डीडीए अधिकारियों के अनुसार, अगले कुछ महीनों में यमुना में बोट पर्यटन और नौका सेवाओं की शुरुआत होगी। इसके लिए सभी संबंधित विभाग अपने-अपने स्तर पर आवश्यक ढांचागत सुविधाओं को विकसित करेंगे। यह परियोजना दिल्ली में जल परिवहन को एक नई दिशा देने के साथ-साथ यमुना को साफ-सुथरा और पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाने में मदद करेगी।

TAGGED:
Share This Article
Follow:
Mirror media digital laboratory Pvt. Ltd. Established February 2019. It is a Social Website channel Releted to News From all over india and Abroad with Reflection of truth. Mirror media is Connecting the people 24x7 and show all news and Views