एयर इंडिया का लंदन जा रहा प्लेन गुरुवार दोपहर अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद क्रैश हो गया। इस बीच थाईलैंड में एअर इंडिया के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की खबर मिल रही है।शुक्रवार को थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की उड़ान AI 379 में बम की धमकी मिलने के बाद विमान को थाईलैंड में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। इस फ्लाइट में मौजूद 156 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

थाईलैंड हवाई अड्डा अधिकारियों ने बताया कि फुकेट से भारत की राजधानी नई दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के विमान को शुक्रवार को बम की धमकी मिली। फ्लाइट ट्रैकर फ्लाइटरडार24 के अनुसार विमान ने शुक्रवार को सुबह 9:30 बजे फुकेट हवाई अड्डे से भारत की राजधानी दिल्ली के लिए उड़ान भरी, लेकिन अंडमान सागर के चारों ओर चक्कर लगाते हुए विमान वापस थाई द्वीप पर उतर गया। विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद अफसरों ने पूरे विमान को खाली कराया और जांच शुरू कर दी।
एअर इंडिया की इस फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी से ठीक एक दिन पहले ही अहमदाबाद में बड़ा हादसा हुआ था। यहां एक बोइंग प्लेन क्रैश हो गया। जिसमें 250 से ज्यादा लोग मारे गए थे। एअर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट AI-171 ने गुरुवार दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। दो मिनट बाद ही फ्लाइट क्रैश हो गई। मृतकों में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी शामिल हैं, जबकि सिर्फ एक यात्री की जान बची है। इस घटना के बाद एअर इंडिया की दूसरी फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी ने सबको परेशान कर दिया है।