झारखंड में हाड़ कंपाने वाली ठंड का सितम जारी है। राज्य के चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू समेत कई जिलों में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। बर्फीली हवाओं और घने कोहरे के कारण कई इलाकों में तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। रात के समय तेज कनकनी महसूस हो रही है, वहीं दिन में भी लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने मकर संक्रांति तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना से इनकार किया है।
शनिवार तक जारी रहेगी कड़ाके की ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में शनिवार (10 जनवरी) तक ठंड का प्रकोप बना रहेगा। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है। गुरुवार (8 जनवरी) को रांची के कांके में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवा की रफ्तार 1.8 किमी प्रति घंटा रही, जिससे दिनभर ठिठुरन बनी रही। राज्य में अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर करीब 6 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
12 जिलों में पारा 8 डिग्री से नीचे
राज्य के 12 जिलों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे चल रहा है।
रांची: न्यूनतम 8 डिग्री
सरायकेला: 5.4 डिग्री
सिमडेगा: 5.5 डिग्री
बोकारो: 5.5 डिग्री
जिलावार तापमान (अधिकतम/न्यूनतम)
रांची: 21 / 9 डिग्री सेल्सियस
धनबाद: 22 / 9 डिग्री सेल्सियस
पलामू: 22 / 4 डिग्री सेल्सियस
बोकारो: 22 / 6 डिग्री सेल्सियस
गढ़वा: 22 / 6 डिग्री सेल्सियस
खुंटी: 21 / 4 डिग्री सेल्सियस
चतरा: 22 / 5 डिग्री सेल्सियस
13 जिलों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा, गुमला, खुंटी, रांची, लोहरदगा, लातेहार, रामगढ़, बोकारो, चतरा, हजारीबाग, पलामू और गढ़वा में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
राजधानी रांची में अलाव से राहत
राजधानी रांची में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अलाव की व्यवस्था की गई है, जिससे राहगीरों, मजदूरों और जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके। कड़ाके की ठंड में सफर कर रहे लोग अलाव के पास कुछ देर रुककर खुद को ठंड से बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

