बुजुर्ग मतदाताओं का बढ़ाया उत्साह, जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने गुलाब फूल व वोटर कॉफी मग देकर किया सम्मानित, तीन दिनों में होम वोटिंग के 95% मतदाता कर चुके मतदान

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : वृद्ध मतदाता (85+) व दिव्यांग मतदाताओं को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा होम वोटिंग के माध्यम से मतदान कराया जा रहा है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी अनन्य मित्तल ने गुरुवार को 49- जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र में होम वोटिंग का जायजा लिया। उन्होने 85+ आयु वर्ग की मतदाता आभा रानी पांडा, सुभाष कॉलोनी, डिमना रोड और बेदामो देवी, बैंकुठनगर, रोड नंबर 3, मानगो के घर जाकर उनका उत्साहवर्धन किया, तथा लोकतंत्र के सजग प्रहरी के रूप में अपने मत का प्रयोग करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होने दोनों बुजुर्ग मतदाताओं को गुलाब का फूल व वोटर कॉफी मग देकर सम्मानित भी किया। साथ में उप विकास आयुक्त मनीष कुमार, डीटीओ धनंजय, होम वोटिंग के नोडल मुझाईद अंसारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव व होम वोटिंग की टीम मौजूद रही। मतदान की पूरी प्रक्रिया संपन्न होने के बाद वरिष्ठ मतदाताओं ने खुशी जाहिर की।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मौके पर बुजुर्ग मतदाताओं के परिवारजनों को भी आगामी 25 मई को अपने बूथ पर जाकर मतदान के लिए प्रेरित किया। साथ ही अपील किया कि 25 मई को अपने साथ 25 अन्य लोगों को भी बूथ ले जाकर मतदान करायें। बता दें जिले के 226 मतदाताओं ने होम वोटिंग से मतदान के लिए अप्लाई किया था, 14-18 मई 2024 तक होम वोटिंग के माध्यम मतदान कराया जाना है, वहीं तीन दिनों में ही अबतक होम वोटिंग के 95 फीसदी मतदाता अपने मत का प्रयोग कर चुके हैं।

Share This Article