कुरुक्षेत्र में ब्राह्मणों को घटिया भोजन परोसे जाने पर हुई गोलीबारी, वेद पाठक घायल

mirrormedia
2 Min Read

डिजिटल, डेस्क। मिरर मीडिया: कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में जारी 102वें 1008 कुंडीय शिव शक्ति महायज्ञ में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक वेद पाठक को गोली लग गई। घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और आक्रोशित वेद पाठकों ने मुख्य सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटिया भोजन को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, यज्ञ में शामिल वेद पाठकों ने आयोजक यज्ञ सम्राट बाबा हरिओम पर घटिया भोजन परोसने का आरोप लगाया। जब इसको लेकर बहस बढ़ी, तो स्थिति बेकाबू हो गई। इसी दौरान बाबा हरिओम के निजी सुरक्षाकर्मी ने फायरिंग कर दी, जिससे एक वेद पाठक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हिंसा और तोड़फोड़ के बाद सड़क पर उतरे वेद पाठक

गोली चलने की घटना के बाद यज्ञ स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए वेद पाठकों ने पंडाल में तोड़फोड़ शुरू कर दी और यज्ञ स्थल की होर्डिंग व बैनर को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद वे लाठियां लेकर मुख्य सड़क पर आ गए और रास्ता जाम कर दिया।

तनावपूर्ण स्थिति, पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गई और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वज्र वाहन और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। फिलहाल पुलिस हालात को नियंत्रण में लाने का प्रयास कर रही है।

Share This Article
Follow:
Mirror media digital laboratory Pvt. Ltd. Established February 2019. It is a Social Website channel Releted to News From all over india and Abroad with Reflection of truth. Mirror media is Connecting the people 24x7 and show all news and Views