सड़क पर ‘रफ्तार’ और ‘लापरवाही’ पर ब्रेक: डीटीओ और पुलिस को मिला सख्त एक्शन का टास्क

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में यातायात व सड़क सुरक्षा से संबंधित बैठक आयोजित की गयी। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने और हिट एंड रन मामलों में मुआवजा भुगतान आदि महत्वपुर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

समीक्षा के दौरान जानकारी सामने आयी कि पिछले महीने में हुई सड़क दुर्घटनाएं में से 17 लोगों की जान सिर्फ इसलिए चली गयी, क्योंकि वे बिना हेलमेट बाइक चला रहे थे। उन्होने कहा बिना हेलमेट वाहन चलाना चिंताजनक है। अधिकांश मौतें सीधे तौर पर चालकों की लापरवाही के कारण हुई। अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा गलत दिशा में वाहन चलाना, तेज रफ्तार और ड्रिंक एंड ड्राइव भी हादसों के प्रमुख कारण रहे है।

दुर्घटना व मौत के कारणों की समीक्षा के क्रम में लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालको पर जुर्माना के साथ-साथ लाइसेंस रद्द करने का निर्देश दिया। यात्री वाहनों पर ओवरलोडिंग व सड़क में जहां-तहां रोक कर सवारी उतारने-चढ़ाने के मामले पर बस ऑनर की जिम्मेवारी तय करते हुए कार्रवाई करने का निदेश दिया गया। पुरानी गाड़ी व फिटनेश के बिना गाड़िया सड़क पर न चले इसके लिए भी कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

पूर्व से चिह्नित ब्लैक स्पॉट के अलावे अन्य दुर्घटना स्थलों पर सुधारात्मक उपाय अपनाने को कहा गया। उपायुक्त ने स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों के बीच यातायात नियमों को लेकर जागरुकता बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण थाना क्षेत्रों में भी लगातार जांच अभियान चलाने के निर्देश दिये।उत्पाद विभाग के अधिकारियों को भी शराब दुकानों के आसपास अवैध तरीके से शराब बिक्री या सेवन पर की निगरानी के निर्देश दिये।

साथ ही हिट एंड रन मामलों में लंबित मुआवजा प्रकरणों को जल्द निपटाने और प्रभावित परिवारों को त्वरित भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये। इसके अलावे सड़क दुर्घटना से प्रभावित व्यक्ति के मददगारों को प्रोत्साहित करने के लिए गुड सेमिरेटन योजना के तहत नेक व्यक्ति के रूप में सम्मानित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में उपायुक्त के अलावे वन प्रमंडल पदाधिकारी शब्बा आलम अंसारी, एसपी ग्रामीण ऋषभ गर्ग, रेल एसपी अजीत कुमार, एसडीएम धालभूम अर्णव मिश्रा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल आनंद, एडीसी संतोष गर्ग, डीटीओ धनंजय, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, डीएसपी ट्रैफिक, डीएसपी हेडक्वार्टर व अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share This Article