बिहार में निर्माणाधीन पुल गिरा, बाल बाल बचे निर्माण में जुटे मजदूर

Reena Sharma
2 Min Read

बिहार में भ्रष्टाचार और लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। गोपालगंज जिले में पुल के निर्माण में हो रहे भ्रष्टाचार और लापरवाही उस वक्त उजागर हो गया जब एक निर्माणाधीन आरसीसी  पुल ढलाई के दौरान ही भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय वहां काम चल रहा था, लेकिन गनीमत रही कि कोई मजदूर उसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।

2 करोड़ 89 लाख की लागत से बन रहा था पुल

गोपालगंज जिले के सिधवलिया प्रखंड के गंगवा गांव में घोघारी नदी पर बन रहे आरसीसी पुल का एक हिस्सा ढलाई के दौरान अचानक गिर गया। करीब 29 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण 2 करोड़ 89 लाख 21 हजार रुपये की लागत से किया जा रहा था।

Advertisement

घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप

प्रत्यक्षदर्शीयों का कहना है कि ढलाई के दौरान अचानक तेज आवाज के साथ पुल के स्लैब का एक हिस्सा नीचे धंस गया। इसके बाद देखते ही देखते निर्माणाधीन ढांचा टूटकर गिर पड़ा, जिसकी वजह से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री और कमजोर सरिया का इस्तेमाल किया गया था, जिसकी वजह से ढलाई के समय ही पुल का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया।

उच्च स्तरीय जांच की मांग

स्थानीय लोगों ने निर्माण एजेंसी और विभागीय अधिकारियों पर भी सवाल खड़े किए हैं। लोगों ने निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते गुणवत्ता की जांच नहीं की गई, तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

प्रशासनिक कार्रवाई और जांच

फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और इंजीनियरिंग विभाग की एक तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। टीम के अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Share This Article