मिरर मीडिया : 96 साल की ब्रिटेन की क्वीन एलिजाबेथ-2 का निधन हो गया है। क्वीन कई दिनों से बीमार चल रही थीं। बकिंघम पैलेस ने देर रात क्वीन के निधन की आधिकारिक घोषणा की। क्वीन एलिजाबेथ की मौत के बाद उनके बेटे और प्रिंस चार्ल्स को तुरंत ब्रिटेन का राजा घोषित किया गया है। दुख की इस घड़ी में पूरा शाही परिवार एक साथ स्कॉटलैंड में है।
इस बाबत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्वीन एलिजाबेथ के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा है कि उन्हें हमारे समय की महान शख्सियत के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने अपने देश और लोगों को प्रेरक नेतृत्व प्रदान किया। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में गरिमा और शालीनता का परिचय दिया।
गौरतलब है कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप का पिछले साल ही निधन हो गया था। प्रिंस फिलिप ने 9 अप्रैल 2021 को 99 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा था। प्रिंस फिलिप भी लंबे समय से बीमार चल रहे थे।