Jamshedpur: MGM अस्पताल में ‘दलालों’ की खैर नहीं, अधीक्षक की पैथोलॉजी विभाग को सख्त चेतावनी

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: महात्मा गांधी मेमोरियल अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए अस्पताल प्रबंधन अब ‘एक्शन मोड’ में नजर आ रहा है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा और उपाधीक्षक डॉ. जुझार मांझी ने पैथोलॉजी विभाग की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने साफ कर दिया कि मरीजों को जांच के लिए बाहर भेजने वाले दलालों और बाहरी तत्वों पर नकेल कसी जाएगी।

मरीजों को नहीं भटकना होगा बाहर: ये हैं प्रमुख निर्देश
बैठक में अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि अस्पताल आने वाला कोई भी मरीज बिना जांच के वापस नहीं जाना चाहिए। उन्होंने इसके लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं।

अस्पताल में ही हों सभी जांचें: पैथोलॉजी विभाग को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि सभी आवश्यक टेस्ट अस्पताल के भीतर ही किए जाएं।

केमिकल की कमी होगी दूर: विभाग से एक माह के आवश्यक केमिकल की सूची मांगी गई है ताकि समय पर उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

दलालों पर सख्त कार्रवाई: अस्पताल परिसर में सक्रिय दलालों और संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।

टोकन सिस्टम और अनाउंसमेंट: भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जल्द ही पैथोलॉजी विभाग में टोकन सिस्टम और लाउडस्पीकर के जरिए अनाउंसमेंट की व्यवस्था शुरू की जाएगी।

ड्रेस कोड का उल्लंघन करने वाले कर्मियों पर गिरेगी गाज
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि इमरजेंसी वार्ड में कई डॉक्टर और कर्मचारी बिना निर्धारित ड्रेस के तैनात थे। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधीक्षक ने चेतावनी दी है कि जो भी कर्मचारी ड्रेस कोड का पालन नहीं करेगा, उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

भ्रामक जानकारी देने वालों पर नजर
अधीक्षक के पास ऐसी शिकायतें पहुंच रही थी कि कुछ लोग मरीजों और उनके परिजनों को गुमराह कर, ज्यादा पैसों का लालच देकर बाहर से जांच कराने के लिए दबाव बनाते हैं। प्रशासन ने अब ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाने का फैसला लिया है।

Share This Article