
झारखंड : धनबाद से बिहार शरीफ जा रही बुंदेला बस को नकापोश बदमाशों ने अपना निशाना बनाया है। हथियार के बल पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। बदमाशों ने दर्जनों यात्रियों के मोबाइल व गहने लूट लिए हैं।
बता दें कि बस जैसे ही एनएच-20 सद्भावना चौक से होकर साईं मंदिर से होते हुए रजौली बस स्टैंड की तरफ बढ़ रही थी, तभी हथियार से लैश नकाबपोश बदमाश बस को रुकवा कर जबरन चढ़ गए और हथियार के साथ यात्रियों को धमकाते हुए उनसे मोबाइल व गहने लूट लिए। इस बीच यात्रियों की शिकायत है कि उनके द्वारा पुलिस को मदद के लिए फोन किया गया, लेकिन पुलिस ने उनकी तत्काल कोई सहायता नहीं की। इससे यात्रियों में भारी आक्रोश देखा गया।
जबकि घटनास्थल से महज कुछ ही दूरी पर बुंदेलखंड थाना ओपी है। वहीं घटना के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्रेस नोट जारी किया गया है। इसमें कहा गया कि घटना की सूचना मिलते ही बुंदेलखंड थाना ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, तब तक सभी हथियारबंद बदमाश मौके से भाग निकले थे।
घटना करीब सुबह तीन बजे के आसपास की बताई जा रही है। अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश शहर के खुरी नदी की तरफ भाग निकले। इस घटना को लेकर शहरवासियों में रोष है। इंटरनेट मीडिया पर चर्चा हो रही है। पुलिस की मानें तो लूटपाट में सात मोबाइल बदमाश लेकर भाग निकले हैं।
इसके अलावा, तीन-चार महिला यात्रियों से चेन व कान की बाली भी छीन ली गई हैं। पुलिस की ओर से कहा गया है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में गहनता से जांच की जा रही है। मामले को उजागर करने के लिए एसआईटी की टीम गठित की गई है। जल्द ही बदमाशों को पुलिस हिरासत में लेगी |