मिरर मीडिया : नकली जीरा के कारोबार का भंडाफोड़ दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने किया है। आपको बता दें कि दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए राजधानी दिल्ली से करीब 28,000 किलोग्राम नकली जीरा जब्त किया है। जो कि लोगों के खाने में बीमारी का तड़का लगा सकता था। इस नकली जब्त जीरे का अनुमानित बाजार मूल्य करीब एक करोड़ रुपये से ज्यादा आंका जा रहा है।
बता दें कि नकली जीरा बनाने वाली फैक्ट्री में जब क्राइम ब्रांच की टीम पहुंची तो पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए। नकली जीरा बनाने के लिए सूखी घास, चूना पत्थर, गुड़ के शीरे के साथ कई अन्य पदार्थों और केमिकल के मिलावट से हजारों किलोग्राम नकली जीरा तैयार किया जा रहा था।
सूत्रों कि माने तो कंझावला इलाके में एक फैक्ट्री में पिछले कुछ समय से इस नकली जीरा को बनाने का काम चल रहा था। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक और आरोपी सुरेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही एक अन्य आरोपी से पूछताछ की जा रही है।