NEET छात्रा मौत मामले में एक्शन में सीबीआई,तीसरी बार पहुंची जहानाबाद, अब मामा से पूछताछ

Neelam
By Neelam
3 Min Read

पटना नीट छात्रा हत्याकांड मामले में सीबीआई की कार्रवाई जारी है। सीबीआई लगातार तेजी से एक्शन मोड में है। गुरुवार को जांच के सिलसिले में सीबीआई की टीम तीसरी बार जहानाबाद पहुंची। इस बार पांच सदस्यीय सीबीआई टीम सीधे मखदूमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत छात्रा के मामा के गांव पहुंची।

पूछताछ के लिए पटना नहीं पहुंचने पर टीम पहुंची गांव

सूत्रों के अनुसार, सीबीआई ने पहले छात्रा के मामा को पूछताछ के लिए पटना बुलाया था। जब वह उपस्थित नहीं हुए, तो जांच टीम ने उनके गांव जाकर वहीं पूछताछ करने का फैसला किया। सूत्रों के अनुसार, मामा ने छात्रा के हॉस्टल में रखे कुछ सामान घर लाने की अनुमति भी मांगी थी। जांच टीम मामले के सभी पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही है और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने के लिए विभिन्न स्थानों पर जानकारी जुटा रही है। पूछताछ के दौरान मामा ने बताया कि उन्होंने छात्रा को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचाने और इलाज कराने में मदद की थी।

भाई का मोबाइल जब्त

इससे पहले 17 फरवरी को सीबीआई टीम ने उसी गांव का दौरा किया था और छात्रा के माता-पिता, भाई, भाभी, दादी और बुआ से विस्तार से पूछताछ की थी। उस दौरे के दौरान, छात्रा के भाई का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया। जांचकर्ताओं को बाद में पता चला कि फोन मरम्मत के लिए मखदूमपुर की एक दुकान में दिया गया था। जब टीम पहली बार दुकान पर पहुंची, तो वह बंद पाई गई। बाद में, मोबाइल फोन पास की एक पान की दुकान से बरामद किया गया। सूत्रों का कहना है कि फोन की फॉरेंसिक जांच से मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, सीबीआई ने पहले छात्रा के मामा को पूछताछ के लिए पटना बुलाया था।

पहली बार 15 फरवरी को जहानाबाद पहुंची थी टीम

पहली बार 15 फरवरी को आईजी और एसपी रैंक के वरिष्ठ अधिकारियों सहित 20 सदस्यीय सीबीआई टीम ने भी गांव का दौरा किया था। लंबी पूछताछ के बाद टीम ने कथित तौर पर मामले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और सामग्री जब्त की।

परिवार को मिल रही धमकी

वहीं, इस मामले में 14 फरवरी की रात को एक और भयावह मोड़ आया, जब छात्रा के घर पर एक धमकी भरा नोट फेंका गया, जिसमें पूरे परिवार की हत्या की धमकी दी गई थी। दो दिन बाद, एक और धमकी भरा नोट मिला, जिसमें सीधे छात्रा के भाई को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। घटना के बाद परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Share This Article