केंद्रीय संयुक्त सचिव महावीर प्रसाद ने पूर्वी सिंहभूम में की शिक्षा, स्वास्थ्य की ‘समीक्षा’, निरीक्षण के बाद प्रशासनिक अमले को दिए ये खास निर्देश

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : आकांक्षी जिला पूर्वी सिंहभूम के केन्द्रीय प्रभारी सह संयुक्त सचिव, भारत सरकार महावीर प्रसाद, ने अपने तीन दिवसीय दौरे के दूसरे दिन जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में चल रहे कार्यों का गहन अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण संस्थानों का निरीक्षण किया और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण
संयुक्त सचिव ने सबसे पहले साकची स्थित जेल चौक के मॉडल वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यप्रणाली, सेवाओं की गुणवत्ता और सेंटर पर आने वाले लोगों (फुटफॉल) की विस्तृत जानकारी ली और टीकाकरण सेवाओं को और अधिक सुलभ तथा प्रभावी बनाने के सुझाव दिए।

इसके बाद, उन्होंने आकांक्षी प्रखंड मुसाबनी के माटिगोड़ा पंचायत में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, बच्चों के टीकाकरण और फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की प्रक्रियाओं को समझा और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

पोषण और आंगनबाड़ी
मेड़िया पंचायत के नामोपाड़ा गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान, प्रसाद बच्चों के अन्नप्राशन और महिलाओं की गोद भराई रस्म में शामिल हुए और उन्हें उचित पोषाहार अपनाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने पोषण के 7 मुख्य संकेतकों, कुपोषित बच्चों की पहचान, उपचार, वजन जांच, फॉलो-अप और संपूर्ण देखभाल की व्यवस्था पर विस्तृत जानकारी ली।

शिक्षा और सामुदायिक सहभागिता
पश्चिमी बादिया पंचायत स्थित शिवलाल प्रोजेक्ट हाई स्कूल में संयुक्त सचिव ने खेल और पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने स्कूल की प्रयोगशाला का निरीक्षण किया और शिक्षकों से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा सुधार के लिए संभावित नवाचारों पर सुझाव सुने। उन्होंने ड्रॉप आउट दर और उच्च कक्षाओं में छात्रों के प्रवेश (ट्रांजिशन) की स्थिति की भी जानकारी ली।

मिशन उत्थान सर्वे पर संवाद
बिष्टुपुर परिसर में स्थित महिला विश्वविद्यालय में श्री महावीर प्रसाद ने छात्राओं से संवाद किया, जिन्होंने मिशन उत्थान के तहत पी.वी.टी.जी. सबर समुदाय पर सर्वे किया था। मौके पर 99 छात्राओं को इंटर्नशिप सर्टिफिकेट वितरित किए गए। जिला प्रशासन की ओर से अभिषेक कुमार (डिस्ट्रिक्ट लीड, पिरामल फाउंडेशन) ने सर्वे की प्रस्तुति दी, जिसमें बताया गया कि सभी 11 प्रखंडों के 4000 सबर परिवारों को कवर किया गया है। सर्वे में आवास, शौचालय, सड़क, पेंशन और राशन जैसी बुनियादी सुविधाओं की अद्यतन स्थिति एकत्रित की गई। उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि बेसलाइन सर्वे के आधार पर सभी बीडीओ को 3 माह के भीतर लक्षित सुधार लाने का निर्देश दिया गया है। संयुक्त सचिव ने बेहतर प्रशासनिक कार्यान्वयन, सेवा प्रदायगी में तेजी, समुदाय आधारित सहभागिता और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया।

Share This Article