चक्रधरपुर रेल मंडल: मनीष कुमार पाठक बने नए सीनियर DOM, ट्रेनों की ‘लेट-लतीफी’ सुधरने की जगी उम्मीद

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के सबसे महत्वपूर्ण रेल मंडलों में से एक चक्रधरपुर के परिचालन विभाग में बड़ा फेरबदल हुआ है। तेजतर्रार अधिकारी मनीष कुमार पाठक को चक्रधरपुर रेल मंडल का नया सीनियर डीओएम (कोऑर्डिनेशन) नियुक्त किया गया है। दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय (गार्डेनरीच) के डिप्टी चीफ पर्सनल ऑफिसर माणिक शंकर ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।

बड़े स्तर पर हुए ये तबादले
मनीष कुमार पाठक: जनरल मैनेजर के सेक्रेटरी पद से अब चक्रधरपुर के सीनियर DOM (कोऑर्डिनेशन) बनाए गए।

अवनीश (निवर्तमान सीनियर DOM): इन्हें कोलकाता मुख्यालय में डिप्टी चीफ कॉमर्शियल मैनेजर (फ्रेट मैनेजमेंट) की जिम्मेदारी दी गई है।

अजय कुमार: वर्तमान में डिप्टी CEE (प्रोजेक्ट) के पद पर तैनात अजय कुमार अब मनीष पाठक की जगह ‘सेक्रेटरी टू जीएम’ का कार्यभार संभालेंगे।

क्यों खास है मनीष पाठक की वापसी?
मनीष कुमार पाठक का चक्रधरपुर मंडल से पुराना और सफल नाता रहा है। उनकी कार्यशैली को देखते हुए रेल गलियारों में चर्चा तेज है कि अब ट्रेनों के परिचालन में सुधार दिखेगा।

पुराना अनुभव: सीनियर डीसीएम बनने से पहले वे इसी मंडल में DOM (डीओएम) के पद पर रहकर ट्रेनों के सफल संचालन का लोहा मनवा चुके हैं। उनके पिछले कार्यकाल के दौरान यात्री ट्रेनों की पंचुअलिटी (समयबद्धता) आज की तुलना में काफी बेहतर मानी जाती थी।

कोरोना काल के ‘संकटमोचन’: साल 2019 से 2023 तक सीनियर डीसीएम रहते हुए उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान प्रवासी मजदूरों के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के संचालन और भोजन-पानी की व्यवस्था में फ्रंटलाइन पर रहकर काम किया था।

चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी: सीनियर डीओएम (कोऑर्डिनेशन) का पद मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों के बीच संतुलन बनाने के लिए सबसे अहम होता है। वर्तमान में ट्रेनों की लेट-लतीफी से परेशान यात्रियों को उम्मीद है कि पाठक के आने से चक्रधरपुर रेल मंडल में समय सारणी का पालन सख्ती से होगा।

कमान संभालते ही माल ढुलाई और यात्री सुविधाओं पर फोकस
बता दें कि चक्रधरपुर मंडल रेलवे के राजस्व में बड़ी भूमिका निभाता है। ऐसे में मालगाड़ियों के सुचारू परिचालन के साथ-साथ पैसेंजर ट्रेनों को समय पर चलाना नए सीनियर DOM के लिए प्राथमिकता होगी। वर्ष 2023 में ही उनका तबादला चक्रधरपुर से जीएम सेक्रेटरी के रूप में हुआ था और अब एक बड़ी जिम्मेदारी के साथ उनकी घर वापसी हुई है।

Share This Article