चाकुलिया: झामुमो नेता के पुत्र की सड़क हादसे में मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया-केरूकोचा मुख्य मार्ग पर मंगलवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। केरूकोचा निवासी झामुमो नेता समीर दास के बड़े पुत्र मिलन दास (30 वर्ष) की इस दुर्घटना में असामयिक मृत्यु हो गई। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

कैसे हुआ हादसा?
​प्राप्त जानकारी के अनुसार मिलन दास अपने तीन दोस्तों के साथ बड़ामारा गांव में क्रिकेट खेलने गया था। मैच खत्म होने के बाद देर शाम जब वह बाइक से घर लौट रहा था, तभी बड़ामारा और मुढ़ाल गांव के बीच एक पुलिया के पास बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मिलन गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक पर पीछे बैठा उसका दोस्त चंदन सिंह सड़क पर गिर गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें
​ग्रामीणों के सहयोग से घायल मिलन को तत्काल चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. साहिबा सोरेन ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

विधायक और पुलिस प्रशासन पहुंचे मौके पर
​हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय विधायक समीर कुमार मोहंती अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। वहीं चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार ने भी अस्पताल पहुंचकर घटना की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article