झारखंड में बदला मौसम का मिजाज: लोगों को गर्मी से राहत, कई जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट

Anupam Kumar
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: झारखंड में पिछले कुछ दिनों से आंशिक बादलों की मौजूदगी ने मौसम में बदलाव ला दिया है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे, जिससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली। रविवार की रात को ठंडी हवा चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।

तेज हवा, वर्षा और वज्रपात का अनुमान, ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 14 से 16 अप्रैल तक प्रदेश के कई जिलों में मौसम और बिगड़ सकता है। देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह, साहिबगंज, पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में 14 अप्रैल को 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इसके साथ ही बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।

यह भी देखें :

औचक निरीक्षण में सदर अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री,खामियाँ देख सिविल सर्जन को लगाई फटकार, सुधार के निर्देश

रांची सहित मध्यवर्ती जिलों के लिए भी चेतावनी

राज्य के मध्यवर्ती हिस्सों — रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला और बोकारो में भी 14 अप्रैल को तेज हवा, बारिश और वज्रपात की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।

17 अप्रैल तक रहेगा मौसम का उतार-चढ़ाव

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार झारखंड में 17 अप्रैल तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है। तेज हवा और बिजली गिरने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि विशेषकर मेघगर्जन के समय लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी गई है।

रुक-रुक कर हो रही वर्षा से बढ़ी ठंड, फसलें भी प्रभावित

पिछले 24 घंटे में झारखंड के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। रुक-रुककर हो रही वर्षा के कारण जहां तापमान में गिरावट आई है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में खड़ी फसलें भी प्रभावित हुई हैं। सबसे अधिक वर्षा गोड्डा जिले में दर्ज की गई, जहां 26 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

Share This Article