रांची: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्यभर में सुबह और शाम ठंडी हवाएं चल रही हैं, जबकि दिन में तेज धूप की वजह से गर्मी का अहसास हो रहा है। रांची स्थित भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम केंद्र के प्रमुख अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी दिशा से आ रही ठंडी हवाओं का असर 10 फरवरी तक जारी रहेगा।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
पिछले 24 घंटों में झारखंड का मौसम शुष्क रहा। राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में अगले एक-दो दिनों में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना है। हालांकि, 8 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बनने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण झारखंड के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाने लगेंगे, जिससे तापमान में दोबारा वृद्धि शुरू हो सकती है।
बारिश की संभावना नहीं
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले 5-7 दिनों तक झारखंड में बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
राज्यभर में तापमान का हाल
सबसे गर्म स्थान: सरायकेला, जहां अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सबसे ठंडा स्थान: गुमला, जहां न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
तापमान में गिरावट:
रांची: 3.7 डिग्री गिरकर 26.3°C
जमशेदपुर: 3.5 डिग्री गिरकर 31°C
डाल्टेनगंज: 3.4 डिग्री गिरकर 29.6°C
बोकारो: 2 डिग्री गिरकर 31.1°C
चाईबासा: 2 डिग्री गिरकर 33.4°C
न्यूनतम तापमान में वृद्धि
झारखंड के कई शहरों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई:
जमशेदपुर: 5 डिग्री बढ़कर 19.4°C
डाल्टेनगंज: 2.4 डिग्री बढ़कर 16.5°C
बोकारो: 4 डिग्री बढ़कर 17.1°C
रांची: सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक
चाईबासा: 4.3 डिग्री अधिक
क्या रहेगा आगे का मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में बादल छाने लगेंगे, जिससे न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो सकती है। हालांकि, फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
राज्यभर में बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासकर सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनने की हिदायत दी गई है।