उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार, 20 फरवरी को प्रदेश के 35 से अधिक जिलों में बारिश की बौछारें हो सकती हैं। सहारनपुर से मथुरा और गोंडा से रामपुर तक आसमान में काले बादल छाए रहेंगे, जिनके साथ गरज, चमक और वज्रपात की भी संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 20 फरवरी को लखनऊ, गाजियाबाद, कानपुर, मथुरा, अलीगढ़, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, हरदोई, कन्नौज, फरुखाबाद, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, बदायूं, अमरोहा, बिजनौर और आसपास के जिलों में बारिश हो सकती है। इस दौरान बादलों की गड़गड़ाहट भी सुनाई देगी।
21 फरवरी को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का कोहरा दिखाई दे सकता है।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 24 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जो उत्तर और पश्चिम भारत के मौसम को प्रभावित कर सकता है। इसके बाद मौसम में फिर से उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और उसके बाद 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है।
इस बदलते मौसम के चलते नागरिकों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।