रांची: लोकसभा चुनाव को सुचारू और पारदर्शी बनाने की तैयारी में जुटे भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार शुक्रवार को तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उनका स्वागत झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने किया। इस दौरान अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नेहा अरोड़ा, राज्य पुलिस नोडल पदाधिकारी एवी होम्कर, रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अपने दौरे के पहले दिन मुख्य चुनाव आयुक्त राज्य के शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ अहम बैठक करेंगे। देर शाम रांची में आयोजित इस बैठक में मुख्य सचिव अलका तिवारी, गृह सचिव वंदना दादेल, डीजीपी अनुराग गुप्ता समेत कई आला अधिकारी शामिल होंगे।
12 अप्रैल को रजरप्पा स्थित सीसीएल गेस्ट हाउस में वह चुनावी प्रक्रिया में सहयोग देने वाले वालंटियर से मिलेंगे और उनके अनुभव साझा करेंगे। वहीं 13 अप्रैल को बुंडू के दशम जलप्रपात प्रांगण में ‘डिफिकल्ट एरियाज’ में कार्यरत बीएलओ से संवाद करेंगे और आयोग की ओर से उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा।