धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन संग रजरप्पा पहुंचकर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की
रामगढ़। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ आज रजरप्पा पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां विश्व प्रसिद्ध सिद्धपीठ माँ छिन्नमस्तिका मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर झारखंड राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की।
पूजा के दौरान मुख्यमंत्री ने नारियल बलि अर्पित कर रक्षा सूत्र बंधवाया तथा श्रद्धा भाव से शीश झुकाकर माँ छिन्नमस्तिका से आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में उपस्थित धार्मिक पुरोहितों ने परंपरागत विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न कराई।
इस अवसर पर रजरप्पा मंदिर न्यास समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री के आगमन से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

