बिहार में इन दिनों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिल्ली जाने की चर्चा है, उससे ज्यादा चर्चा उनके बेटे निशांत के सियासी भविष्य को लेकर है। बिहार का अगला सीएम कौन होगा? यह सवाल आज भी मौजूद है। इस बीच पटना में उस वक्त सियासी हलचल देखने को मिली, जब नीतीश कुमार के सामने ही कार्यकर्ताओं ने ‘निशांत कुमार सीएम जिंदाबाद’ के नारे लगने लगे।
नीतीश के कार्यक्रम में ‘निशांत जिंदाबाद’
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को बिहार विधान परिषद के अतिथि निवास का उद्घाटन किया। साथ ही इस दौरान सीएम नीतीश कुमार ने कैंटीन, लाइब्रेरी और सामुदायिक केन्द्र का भी उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने नए गेस्ट हाउस का निरीक्षण किया और सभी सुविधाओं और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। खास बात यह रही कि सीएम नीतीश के बिहार विधान परिषद में कार्यक्रम के दौरान जेडीयू के कार्यकर्ताओं ने निशांत कुमार जिंदाबाद के नारे लगाए।
निशांत से ‘सीएम निशांत’ के नारे
जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भवनों और परिसर में मौजूद व्यवस्थाओं का अवलोकन करके निकल रहे थे, तब वहां मौजूद भीड़ में मौजूद उनके और निशांत कुमार के समर्थक लोगों और जेडीयू के कार्यकर्ताओं ने नारे लगाना शुरू कर दिया। वे नारे लगा रहे थे , ‘निशांत कुमार जिंदाबाद।’ चंद सेकेंड मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के जिंदाबाद के नारे लगे और फिर यह नारे बदल गए। नारा लगने लगा- ‘बिहार के सीएम निशांत कुमार जिंदाबाद।’
नीतीश कुमार मुस्कुराए दिखे
यह सुनते ही कुछ देर के लिए सीएम नीतीश कुमार मुस्कुराए। हालांकि, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया।इस घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं और इसे भविष्य की राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
हाल ही जेडीयू में शामिल हुए हैं निशांत
बता दें कि निशांत कुमार ने हाल में भी सक्रिय राजनीतिक में प्रवेश किया है। पिता नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को लेकर चर्चा के बीच निशांत कुमार ने जेडीयू ज्वाइन की। इससे पहले तक वो राजनीति से दूरी बनाते रहे हैं, लेकिन अब उनके जेडीयू में आने से बिहार की सियासत में बड़ा बदलाव हुआ है। बिहार में सबकी निगाह इस बात पर है कि निशांत का नई सरकार में क्या रोल होगा? नीतीश की जगह बिहार का मुख्यमंत्री कौन बनेगा?

