जमुई के 843 स्कूलों के बच्चे जाएंगे शैक्षणिक परिभ्रमण पर, 1.68 करोड़ रुपये का आवंटन

KK Sagar
2 Min Read

जमुई। मुख्यमंत्री शैक्षणिक परिभ्रमण योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025–26 में जमुई जिले के 843 मध्य विद्यालयों के बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण का अवसर मिलेगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी (योजना एवं लेखा) कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार जिले को इसके लिए कुल 1 करोड़ 68 लाख 60 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

पहले और दूसरे चरण में बच्चों को मिलेगा लाभ

आदेश के मुताबिक प्रथम चरण में 357 विद्यालयों तथा द्वितीय चरण में 486 विद्यालयों के बच्चों को योजना का लाभ दिया जाएगा। चयनित विद्यालयों के छात्र–छात्राओं को शैक्षणिक उद्देश्य से भ्रमण कराया जाएगा।

प्रति विद्यालय बच्चों के लिए 20 हजार रुपये की राशि

आवंटित राशि से विद्यालयों के प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक अभिभावकों की सहमति लेकर बच्चों का परिभ्रमण कराएंगे। भ्रमण के बाद मूल अभिलेखों के आधार पर BTC-25 मद से प्रति विद्यालय 20 हजार रुपये की राशि संबंधित विद्यालय के बैंक खाते में भेजी जाएगी।

बच्चों को सरकारी बस से ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण

निर्देशानुसार बच्चों के शैक्षणिक परिभ्रमण के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बसों का उपयोग किया जाएगा। इसके तहत बच्चों को बिहार राज्य के दर्शनीय एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

बच्चों के परिभ्रमण की व्यय विवरणी तय समय पर देना अनिवार्य

निदेशक, प्राथमिक शिक्षा, बिहार पटना के निर्देशानुसार बच्चों के शैक्षणिक परिभ्रमण मद की व्यय विवरणी 15 फरवरी 2026 तक जिला शिक्षा कार्यालय में उपलब्ध कराना होगा।

बच्चों को परिभ्रमण से वंचित करने पर प्रधानाध्यापक होंगे जिम्मेदार

जिला शिक्षा कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी विद्यालय में बच्चों को परिभ्रमण से वंचित रखा गया या अभिलेख समय पर जमा नहीं किए गए, तो राशि की निकासी नहीं होगी। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रधान की होगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....