बाघमारा: बीसीसीएल (BCCL) एरिया-5 सिजुआ अंतर्गत बासजोड़ा साइडिंग के पीछे स्थित गोपा ग्राउंड में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 84 टन अवैध कोयला जब्त किया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि गोपा ग्राउंड के पास अवैध रूप से कोयले का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर सीआईएसएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान लगभग 84 टन कोयला बरामद किया गया।
जब्त किए गए कोयले को अग्रिम कार्रवाई के लिए बीसीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
सीआईएसएफ की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय अवैध कोयला कारोबारियों और कोयला चोरों के बीच हड़कंप मच गया है। अचानक हुई छापेमारी से अवैध कारोबार पर बड़ा झटका माना जा रहा है।
सीआईएसएफ अधिकारियों ने कहा कि कोयला चोरी और अवैध भंडारण के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा। वहीं, बीसीसीएल प्रबंधन जब्त कोयले से संबंधित मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुटा हुआ है।

