जमशेदपुर : जुगसलाई कपड़े के गोदाम में काम करने वाले कर्मचारी ने गोदाम में ही फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मरनेवाले का नाम रंजन कुमार सिंह है, उसकी उम्र 36 वर्ष है और वह सरायकेला जिले के गम्हरिया का रहने वाला था। वह स्टेशन रोड स्थित संतोष छापोलिया के कपड़े की गोदाम में बीते 6 साल से काम कर रहा था। मिली जानकारी के मुताबिक रंजन ने गोदाम के अंदर रखे अलमीरा के हैंडल में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाई है। उसने आत्महत्या क्यों की इस बात का पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि संतोष छापोलिया जब अपनी गोदाम पहुंचे तो उन्होंने देखा कि रंजन फांसी से लटका हुआ है। घटना की जानकारी उन्होनें तत्काल पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को ज़ब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल पुलिस जांच पड़ताल में जुट गयी है।