Bihar: बिहार में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की बल्ले-बल्ले, चुनाव से पहले सीएम नीतीश ने की बड़ी घोषणा

Reena Sharma
2 Min Read

बिहार की नीतीश कुमार सरकार ने चुनाव से पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बड़ी सौगात दी है। बिहार की आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका के मानदेय में वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की है। सेविका को 7000 के बदले 9000 मिलेगा। सहायिका को 4000 के बदले 4500 मिलेगा। राज्य की लाखों महिला आंगनबाड़ी से जुड़ी हुई हैं। सरकार के इस ऐलान से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।

सीएम नीतीश कुमार ने पोस्ट कर दी जानकारी

नीतीश कुमार ने खुद एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। सीएम ने बताया कि अब आंगनबाड़ी सेविका का मानदेय 7,000 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये तथा आंगनबाड़ी सहायिका का मानदेय 4,000 रुपये बढ़ाकर 4,500 रुपये करने हेतु विभाग को निदेशित किया गया है। उन्होंने लिखा, राज्य में बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के पोषण एवं जीवन स्तर में सुधार करने में आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनकी इसी भूमिका का सम्मान करते हुए हम लोगों ने उनके मानदेय में वृद्धि करने का निर्णय लिया है।

Advertisement

सीएम ने सोशल मीडिया पर कही ये बात

नीतीश कुमार ने अपने पोस्ट में आगे बताया कि नवंबर 2005 में सरकार बनने के बाद से ही उनकी सरकार ने गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर काम किया है। इसके लिए समेकित बाल विकास परियोजना के माध्यम से 6 प्रकार की सेवाएं दी जा रही हैं। इन सेवाओं को आंगनवाड़ी केंद्रों के जरिए लाभार्थियों तक पहुंचाने में सेविकाएं और सहायिकाएं एक अहम भूमिका निभाती हैं। उनके इस योगदान को देखते हुए ही सरकार ने यह निर्णय लिया है।

Share This Article