बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए हो या महागठबंधन सीट बंटवारे पर अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है। सीट शेयरिंग को लेकर जारी माथापच्ची के बीच, मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने चौंकाने वाला फैसला लिया है। शनिवार को बक्सर में नीतीश कुमार ने पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला को राजपुर विधानसभा क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार घोषित किर दिया। साथ ही नीतीश ने पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला को एनडीए का उम्मीदवार बताते हुए लोगों से उनके पक्ष में वोट करने की अपील की।

बक्सर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने संतोष निराला को अपने पास खड़ा किया और जनता से अपील की, कुछ ही दिन में चुनाव होने वाला है। आप लोग ध्यान दीजिएगा, इन्हें जिताइएगा। आप लोग चाहिएगा तो बड़ी संख्या में हम लोग चुनकर जाएंगे। बिहार को आगे बढ़ाने के लिए हमें मदद करिए।
मंच से की ही कर दी प्रत्याशी की घोषणा
मुख्यमंत्री ने राजपुर विधानसभा और बक्सर जिले के लिए 325 करोड़ 13 लाख रुपये की 5 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करने पहुंचे थे। इनमें सड़कों का चौड़ीकरण, गंगा तटबंध का सुदृढ़ीकरण और ‘भारत रत्न’ उस्ताद बिस्मिल्ला खां संगीत कॉलेज की स्थापना शामिल है। इसी दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने मंच से ही पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला को पार्टी का उम्मीदवार बताते हुए जनता से उनके पक्ष में वोट करने की अपील की
नीतीश का कांग्रेस पर हमला
नीतीश कुमार ने आगे कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि ये कांग्रेस वाले केवल गड़बड़ करते रहे हैं। 20 साल पहले बिहार की स्थिति क्या थी, सबको पता है। आज हर जगह विकास के काम हो रहे हैं। अब बिहार पीछे नहीं रहेगा, बल्कि देश के सबसे आगे बढ़ेगा।
फिलहाल कांग्रेस के पास है राजुपार सीट
बता दे कि बक्सर की राजपुर विधानसभा क्षेत्र पर फिलहाल कांग्रेस का कब्जा है। पिछले चुनाव में कांग्रेस के विश्वनाथ राम ने 67871 वोट पाए थे, उन्होंने जदयू के संतोष कुमार निराला को 21204 वोट के अंतर से हराया था। बक्सर की सुरक्षित सीट पर बसपा का भी दबदबा रहता है। 2000 के चुनाव में यहां बसपा के उम्मीदवार ने जीत दर्ज की थी। 2020 के चुनाव में भी बसपा के संजय राम को 43 हजार 836 वोट मिले थे। संतोष निराला इस सीट से 2010 और 2015 में चुनाव जीत चुके हैं। पार्टी ने उन्हें मंत्री भी बनाया था।