अनिल अग्रवाल के बेटे का निधन पर सीएम नीतीश ने जताया शोक, चिराग ने भी व्यक्त की संवेदना 

Neelam
By Neelam
3 Min Read

भारत के मशहूर उद्योगपति और वेदांता ग्रुप के मालिक अनिल अग्रवाल पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वेदांता समूह के संस्थापक अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल का अमेरिका में निधन हो गया। वह 49 वर्ष के थे। अग्निवेश वेदांता समूह की कंपनी तलवंडी साबो पावर लिमिटेड (TSPL) के निदेशक मंडल में शामिल थे। वह अमेरिका में स्कींग के दौरान घायल हो गए थे और उपचार के बीच दिल का दौरा पड़ने से उनकी मृत्यु हो गई।

नीतीश ने कहा- उद्योग के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रसिद्ध उद्योगपति अनिल अग्रवाल के पुत्र अग्निवेश अग्रवाल  के असामयिक निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा कि “स्व. अग्निवेश अग्रवाल उभरते हुए उद्योगपति थे। उनके निधन से उद्योग के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।”

चिराग पासवान ने जताया दुख

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी इस घटना पर दुख जताया है। चिराग पासवान ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट कर लिखा, “बिहार की भूमि से निकलकर देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले वेदांता समूह के चेयरमैन श्री अनिल अग्रवाल जी के सुपुत्र और हिंदुस्तान जिंक के चेयरमैन श्री अग्निवेश अग्रवाल जी के आकस्मिक निधन का समाचार सुनकर मन अत्यंत व्यथित है। इस दुःखद घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं श्री अनिल अग्रवाल जी एवं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने का संबल दें। ॐ शांति।”

अनिल अग्रवाल ने बिहार से की सफर की शुरूआत

बता दें कि अनिल अग्रवाल ने बिहार के पटना से निकलकर कबाड़ के स्क्रैप के काम से शुरुआत की और आज एक वैश्विक खनन और धातु टाइकून बन गए हैं। अनिल अग्रवाल के दो बच्चे थे। बेटा अग्निवेश और बेटी प्रिया। अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश की अमेरिका में स्कींग के दौरान हुए हादसे के बाद इलाज के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई।

Share This Article