24 अप्रैल को बिहार विधानसभा का विशेष सत्र, सीएम सम्राट चौधरी पेश करेंगे विश्वास मत

Reena Sharma
2 Min Read

बिहार में नई सरकार ने अपना कामकाज शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार का आज चौथा दिन है। इस बीच अब सम्राट सरकार ने बिहार विधानसभा के विशेष सत्र बुलाने का ऐलान किया है। बताया जा रहा है कि 24 अप्रैल को बिहार विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। इस विशेष सत्र में सम्राट चौधरी विश्वास मत का प्रस्ताव पेश करेंगे।

सम्राट चौधरी की पहली राजनीतिक परीक्षा

मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली राजनीतिक परीक्षा होगी, जिसे औपचारिक माना जा रहा है। इस संबंध में विधानसभा सचिव राजीव कुमार ने सभी विधायकों को पत्र भेजकर जानकारी दी है। पत्र में बताया गया है कि विधानसभा के द्वितीय सत्र की विशेष बैठक 24 अप्रैल को सुबह 11 बजे से बुलाई गई है। सभी सदस्यों से समय पर उपस्थित रहने का अनुरोध किया गया है।

Advertisement

एनडीए के पास बिहार विधानसभा में अपार बहुमत

बता दें कि 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के पास 202 विधायकों का समर्थन है। एनडीए के पास बिहार विधानसभा में अपार बहुमत है। ऐसे में विश्वासमत महज औपचारिकता माना जा रहा है। हालांक‍ि सबकी नजरें अब 24 अप्रैल पर टिक गई हैं। इससे सियासी गहमागहमी बढ़ गई है। 

नीतीश के इस्तीफे के बाद सम्राट सरकार का गठन

नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए चुजाने के बाद बिहार में नई सरकार का गठन हुआ है। नीतीश कुमार 16 मार्च को राज्यसभा के लिए चुने गए थे। 10 मार्च को उन्होंने दिल्ली में बतौर राज्यसभा सदस्य शपथ ली थी। वापस आने के बाद उन्होंने राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद 4 दिन पहले सम्राट चौधरी ने सीएम पद की शपथ ली थी। उनके साथ जेडीयू के विजय कुमार सिन्हा और विजेंद्र प्रसाद यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी।

Share This Article