सीएम सम्राट चौधरी आज पहुंचेंगे मुजफ्फरपुर, 288 करोड़ की योजनाओं की देंगे सौगात

Reena Sharma
2 Min Read

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज मुजफ्फरपुर पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री मोतीपुर प्रखंड की परसौनी नाथ पंचायत में स्थित ‘अपग्रेडेड हायर सेकेंडरी स्कूल, गोसाईपुर’ परिसर में आयोजित ‘सहयोग शिविर’ का निरीक्षण करेंगे और जनता की शिकायतों के निवारण के लिए विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 288.16 करोड़ रुपये की 109 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे।

योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे सीएम

मुख्यमंत्री सुबह करीब 11 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के साथ राज्य सरकार के कई सीनियर मंत्री और अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। गोसाईंपुर स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे और यहां आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण करने के साथ-साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

Advertisement

लोगों की शिकायतों का होगा समाधान

सहयोग शिविर में कुल 12 सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। विभागों के इन स्टॉलों पर आम लोगों की शिकायतों और समस्याओं के समाधान की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ भी लोगों को उपलब्ध कराया जाएगा। 19 मई से शुरू हुए सहयोग शिविर पहले ही दिन मुजफ्फरपुर में एक दिन में रिकॉर्ड 8,008 आवेदन प्राप्त हुए थे।

सीएम के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कंतेश कुमार मिश्रा ने कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सभी अधिकारी निर्धारित समय पर अपनी-अपनी ड्यूटी पोस्ट पर रिपोर्ट करें और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। एसएसपी कंतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और सड़कों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

Share This Article