संवाददाता, नई दिल्ली। उत्तर भारत में ठंड और घने कोहरे का प्रकोप अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह कोहरा बेहद घना था, जिससे ठिठुरन और बढ़ गई।
आईजीआई एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह पांच बजे के आसपास दृश्यता केवल 50 मीटर तक सीमित रही। इसके चलते उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। सड़क और रेल यातायात भी कोहरे के कारण बाधित हुआ।
उत्तर प्रदेश: फतेहपुर सबसे ठंडा जिला
उत्तर प्रदेश में सर्द हवाओं और कोहरे के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। सोमवार को फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम था। दिल्ली में इसी दिन न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर में बर्फबारी की संभावना
कश्मीर घाटी में सोमवार को ठंड ने नए रिकॉर्ड बनाए। पहलगाम का न्यूनतम तापमान माइनस 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे यह प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान बन गया। मौसम विभाग के अनुसार, 16 जनवरी की शाम से बर्फबारी और बारिश की संभावना है।
हिमाचल में शीतलहर और धूप का असर
हिमाचल प्रदेश में सोमवार को दो दिनों के बाद धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिली। हालांकि हमीरपुर, ऊना और कांगड़ा जैसे जिलों में शीतलहर जारी रही। अटल टनल रोहतांग को सभी वाहनों के लिए खोल दिया गया है। मौसम विभाग ने मंडी, ऊना और बिलासपुर जिलों में 18 जनवरी तक शीतलहर और कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में शुष्क रहेगा मौसम
उत्तराखंड में पिछले दो दिनों की बर्फबारी और बारिश के बाद सोमवार को मौसम साफ हो गया। बर्फबारी से बाधित सड़कें जैसे जोशीमठ-औली मार्ग और गंगोत्री व यमुनोत्री राजमार्ग फिर से चालू कर दी गई हैं। हालांकि मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में कोहरे के कारण तीन की मौत
राजस्थान में सोमवार को घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम रही। श्रीगंगानगर में रोडवेज बस और जीप की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और चार घायल हो गए। उधर, मौसम विभाग ने 15 जनवरी को बारिश और ओले गिरने की चेतावनी दी है।
स्कूलों में अवकाश बढ़ा
शीतलहर के चलते उत्तर प्रदेश के 19 जिलों में कक्षा एक से आठ तक के बच्चों के लिए 16 जनवरी तक स्कूलों की छुट्टी बढ़ा दी गई है।
पंजाब में हल्की बारिश के आसार
पंजाब में सोमवार को दिनभर धूप खिली रही, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिली। हालांकि, मौसम विभाग ने बताया कि 14 जनवरी से सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण 15 जनवरी को राज्य में हल्की बारिश हो सकती है।