Homeदेशउत्तर भारत में शीतलहर का कहर: कोहरे और ठंडी हवाओं से जनजीवन...

उत्तर भारत में शीतलहर का कहर: कोहरे और ठंडी हवाओं से जनजीवन प्रभावित, अलर्ट जारी

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: नए वर्ष की शुरुआत के साथ ही उत्तर भारत प्रचंड शीतलहर की चपेट में है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में गिरते तापमान ने गलन बढ़ा दी है। जम्मू-कश्मीर में शीतलहर तेज हो गई है, वहीं दिल्ली, बिहार और उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

दिल्ली-एनसीआर में यलो अलर्ट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में ठंड ने जनजीवन प्रभावित किया है। भारतीय मौसम विभाग ने शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार सुबह हल्के स्मॉग और मध्यम कोहरे की भविष्यवाणी की गई थी, लेकिन कोहरा अपेक्षाकृत कम नजर आया। ठंडी हवाओं के कारण दिल्लीवासियों को घरों में ही रहकर खुद को गर्म रखने की सलाह दी गई है।

उत्तर प्रदेश में शीतलहर और कोहरे का असर

लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में ठंड ने लोगों को परेशान कर दिया है। गुरुवार को दिन का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इससे दिन में थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन रातें बेहद सर्द रहेंगी। श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी और बरेली समेत कई जिलों में दो से तीन जनवरी तक शीत दिवस को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

तीन जनवरी से मौसम में बदलाव की संभावना

तीन जनवरी से उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, सुबह और देर रात हल्के से मध्यम कोहरा बना रह सकता है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, गुरुवार से तराई क्षेत्रों को छोड़कर कोल्ड डे की स्थिति खत्म हो सकती है। अगले चार दिनों में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी की उम्मीद है।

जनवरी में ठंड लंबी रहने की संभावना

डॉ. सिंह ने बताया कि सात और आठ जनवरी से बादलों की गतिविधियों के कारण मौसम में फिर बदलाव होगा। इस बार जनवरी में ठंड का असर लंबा रहने की संभावना है। लोगों को ठंड से बचाव के उपाय अपनाने और खासतौर पर बुजुर्गों और बच्चों का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

  • खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।
mirrormedia
mirrormediahttps://mirrormedia.co.in
Mirror media digital laboratory Pvt. Ltd. Established February 2019. It is a Social Website channel Releted to News From all over india and Abroad with Reflection of truth. Mirror media is Connecting the people 24x7 and show all news and Views

Most Popular