कांग्रेस उद्योगपतियों की कोख से जन्मी पार्टी है!— निशिकांत दुबे का राहुल गांधी पर बड़ा हमला

KK Sagar
2 Min Read
Oplus_16908288

गोड्डा से भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने एक बार फिर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर कांग्रेस के औद्योगिक घरानों से संबंधों पर सवाल खड़े किए हैं और राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया है।

निशिकांत दुबे ने लिखा,
“राहुल गांधी @RahulGandhi जी अडानी-अंबानी बोलकर देश की जनता को क्यों गुमराह करते हैं?”
इसके साथ ही उन्होंने छह बिंदुओं में कांग्रेस पर पुराने दौर से ही उद्योगपतियों से नजदीकी रखने का आरोप लगाया:

  1. कांग्रेस पार्टी का जन्मदाता ही औद्योगिक घराना रहा है।
  2. 6 मार्च 1969 के संसद सत्र का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि तब खुद कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ने इस मुद्दे को उठाया था, जिसके बाद जांच समिति बनी थी।
  3. राहुल गांधी की दादी इंदिरा गांधी को एक उपचुनाव में बिरला समूह से 60 लाख रुपये का चंदा मिला था, जबकि कुल 1.20 करोड़ का चंदा मिला था। उस समय नमक 1 पैसे और घी 30 पैसे किलो था।
  4. उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में 50 करोड़ की कंपनी तीन साल में 600 करोड़ की हो गई।
  5. निजी बैंकों से लेकर सरकारी बैंकों तक, केवल कुछ चुनिंदा औद्योगिक घरानों को ही लोन दिए जाते थे।
  6. उन्होंने कहा कि उस वक्त केवल हिंदुस्तान मोटर्स ही कार (एंबेसडर) बना सकता था – यह एकाधिकार की मिसाल थी।

निशिकांत दुबे ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध औद्योगिक घरानों से नहीं है, क्योंकि उनका देश की अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान है। लेकिन राहुल गांधी की ‘घटिया राजनीति’ और कांग्रेस के ‘सच्चे इतिहास’ को जनता के सामने लाना उनका धर्म है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....