कांग्रेस का निशिकांत दुबे की पत्नी पर बड़ा वार: ‘पैसा आया कहां से?’ — 8 करोड़ का लोन बिना गिरवी, 50 लाख से 31 करोड़ तक पहुंची संपत्ति

KK Sagar
4 Min Read

नई दिल्ली/गोड्डा। AICC सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और उनकी पत्नी अनामिका गौतम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि निशिकांत दुबे की पत्नी ने करीब 8.28 करोड़ रुपए का लोन चार अलग-अलग लोगों से लिया, लेकिन इसमें किसी भी प्रकार की गिरवी या सिक्योरिटी नहीं रखी गई।

सुप्रिया श्रीनेत ने बताया कि अनामिका गौतम ने —

  • अभिषेक झा से 1.20 करोड़ रुपए
  • गुरिंदर सिक्का से 3.24 करोड़ रुपए
  • जसविंदर कौर से 1.34 करोड़ रुपए
  • योगेश कुमार से 2.50 करोड़ रुपए का लोन लिया।

उन्होंने कहा कि यह चौंकाने वाली बात है कि लोन देने वाले अभिषेक झा, वही व्यक्ति हैं जिन्होंने निशिकांत दुबे के खिलाफ गोड्डा से चुनाव लड़ा था। जबकि अभिषेक झा का कहना है कि उन्होंने कोई लोन नहीं दिया। श्रीनेत ने सवाल उठाया — “अगर लोन नहीं दिया गया, तो पैसा आया कहां से?”

कांग्रेस प्रवक्ता ने आगे कहा कि यह मामला इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि निशिकांत दुबे एक सांसद हैं और पार्टी में उनका प्रभाव काफी अधिक है। श्रीनेत ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह विपक्ष पर हमले करने के लिए अक्सर निशिकांत दुबे का इस्तेमाल करते हैं।

श्रीनेत ने बताया कि 24 मई 2025 को लोकपाल के समक्ष निशिकांत दुबे की पत्नी की संपत्ति को लेकर शिकायत दर्ज की गई थी। इसके बाद 24 जुलाई 2025 को लोकपाल की बेंच ने निशिकांत दुबे को चार सप्ताह में जवाब देने का आदेश दिया।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, किसी भी उम्मीदवार को चुनाव लड़ने से पहले इलेक्शन एफिडेविट देना होता है, जिसमें पत्नी या पति की संपत्ति की जानकारी देनी होती है। इसी के तहत निशिकांत दुबे ने 2009, 2014, 2019 और 2024 में एफिडेविट दाखिल किए।

सुप्रिया श्रीनेत ने आरोप लगाया कि अनामिका गौतम की आय और संपत्ति में भारी अंतर है।

  • 2013-14 में उनकी वार्षिक आय केवल 4 लाख रुपए थी।
  • 2017-18 तक यह बढ़कर 2.16 करोड़ रुपए हो गई — यानी 54 गुना वृद्धि।
  • 2009 में उनकी कुल संपत्ति 50 लाख रुपए थी, जबकि 2019 में यह 6.5 करोड़ और 2024 में 31.32 करोड़ रुपए तक पहुंच गई।

उन्होंने कहा कि अनामिका गौतम की घोषित संपत्ति और उनकी आय में कहीं भी संतुलन नहीं दिखता, जिससे गड़बड़ी की आशंका बढ़ जाती है।

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि अनामिका गौतम की संपत्ति में लगातार वृद्धि होती रही —

  • 2009 में मूवेबल एसेट्स 50 लाख रुपए
  • 2014 में बढ़कर 1.3 करोड़ रुपए
  • 2019 में 3.72 करोड़ रुपए
  • 2024 में बढ़कर 29 करोड़ रुपए हो गए।
    वहीं इन-मूवेबल एसेट्स 2009 में 5.53 करोड़ से बढ़कर 2024 में 10.66 करोड़ रुपए तक पहुंच गए।

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि इन सबके बीच, अनामिका गौतम ने 8.28 करोड़ रुपए का लोन भी लिया, जिससे अब वह कुल 31.32 करोड़ रुपए की मालकिन हैं।

कांग्रेस ने मांग की है कि इस पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराई जाए ताकि सच सामने आ सके।

यह आरोप कांग्रेस के आधिकारिक X हैंडल पर सुप्रिया श्रीनेत द्वारा साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गए हैं।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....