बोकारो: सेक्टर-2 मोड़ स्थित फुले मैदान में रविवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा एक विशाल ‘संविधान बचाओ रैली’ का आयोजन किया गया। रैली में झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, बोकारो जिले के विधायक सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हुए।
रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि देश में लगातार संविधान पर हमले हो रहे हैं और इसे कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस संविधान को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने तैयार किया, आज उसी के मूल मूल्यों और संस्थाओं को कमजोर करने की साजिशें चल रही हैं। ऐसे में हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह संविधान की रक्षा के लिए आगे आए।
प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस 70 हजार ‘संविधान रक्षक’ तैयार करेगी। यह अभियान राज्य के हर गांव, पंचायत और वार्ड तक चलाया जाएगा। उन्होंने कहा, “हम गांव-गांव जाकर संविधान की प्रस्तावना को लोगों तक पहुंचाएंगे और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे।”
इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने संगठन को मजबूत करने पर भी जोर दिया और कहा कि पार्टी का संगठन सृजन कार्यक्रम अब गांव और शहर दोनों स्तरों पर तेज़ी से चलाया जाएगा। रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।