जमशेदपुर। कांग्रेस पार्टी की ओर से देशभर में चलाए जा रहे ‘संविधान बचाओ अभियान’ के तहत जमशेदपुर में भी जिला स्तरीय रैली का आयोजन रविवार 25 मई को किया जाएगा। रैली की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। इसे लेकर शनिवार को साकची स्थित एक होटल में प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे और प्रदेश सचिव सह साकची प्रखंड पर्यवेक्षक राकेश कुमार तिवारी ने संयुक्त रूप से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह रैली 25 मई को दोपहर 3 बजे साकची में निकाली जाएगी। रैली में कई बड़े नेताओं की मौजूदगी रहेगी। मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश प्रभारी के. राजू, सह प्रभारी सिरीबेला प्रसाद, सांसद गुरमीत सिंह सप्पल, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, विधायक राजेश कच्छप, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार बलमुचू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार और अन्य राष्ट्रीय व राज्यस्तरीय वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे।
जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने कहा कि यह रैली पूरे देश में चलाए जा रहे ‘संविधान बचाओ’ आंदोलन का हिस्सा है। भारत में वर्तमान स्थिति को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि देश में एक प्रकार का अघोषित आपातकाल लागू है। ऐसे में यह आवश्यक है कि आमजन को संविधान और लोकतंत्र पर मंडरा रहे खतरे के प्रति जागरूक किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि इस रैली के माध्यम से पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सैनिकों के शौर्य और बलिदान का सम्मान भी किया जाएगा।रैली को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह है, और उम्मीद है कि भारी संख्या में लोग इसमें भाग लेकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के संदेश को आगे बढ़ाएंगे।