कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम? भाजपा सांसद निशिकांत दुबे का बड़ा आरोप

KK Sagar
3 Min Read

गोड्डा, झारखंड: भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने एक बार फिर कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। इस बार उन्होंने कांग्रेस के पूर्व मंत्री मेजर शाहनवाज खान और उनके परिवार से जुड़े पुराने तथ्यों को उठाते हुए कांग्रेस पर “पाकिस्तान प्रेम” का आरोप लगाया है। सांसद दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट करते हुए कई सवाल खड़े किए हैं, जो अब सियासी बहस का विषय बनते जा रहे हैं।

क्या कहा सांसद दुबे ने?

निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए लिखा:

  1. 1965 और 1971 के युद्ध के दौरान मेजर शाहनवाज खान के बेटे महमूद नवाज़ खान ने पाकिस्तान सेना में अधिकारी रहते हुए भारत के खिलाफ युद्ध लड़ा था।
  2. शाहनवाज खान के भतीजे जहीरुल इस्लाम, पाकिस्तान की कुख्यात खुफिया एजेंसी ISI के प्रमुख रहे। उनके कार्यकाल में भारत में मुंबई हमला और कई बम धमाके हुए।
  3. 1953 में आज़ाद हिंद फौज द्वारा सिंगापुर में जमा धन का एक तिहाई हिस्सा नेहरू जी ने शाहनवाज खान की सिफारिश पर पाकिस्तान को दे दिया था।
  4. यदि शाहनवाज खान को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और मंत्री बनाया गया, तो फिर जिन्ना और लियाकत अली खान की भी मूर्तियां लगाई जानी चाहिए थीं, क्योंकि वे भी 1946 तक कांग्रेस में शामिल थे।
  5. योगेन्द्र नाथ मंडल, जो पाकिस्तान के पहले कानून मंत्री थे और बाद में भारत आ गए, उन्हें भी कांग्रेस को मंत्री बनाना चाहिए था।

कांग्रेस पर बंटवारे का आरोप

दुबे ने अपने पोस्ट के अंत में लिखा कि “भारत का बंटवारा केवल सत्ता की भूख और गांधी परिवार की विरासत बचाने के लिए किया गया था।”

कांग्रेस की प्रतिक्रिया?

इस बयान पर अब तक कांग्रेस की कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक हलकों में यह बयान गर्म बहस का मुद्दा बन गया है।

हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए हों, लेकिन इस बार उन्होंने इतिहास से जुड़े तथ्यों को सामने रखकर कांग्रेस की “राष्ट्रभक्ति” पर सवाल खड़े किए हैं। आने वाले समय में इस बयान पर राजनीतिक तूफान खड़ा होना तय है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....