बोकारो। आगामी 8 जून को बोकारो में आयोजित होने वाली “संविधान बचाओ रैली” को सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को बोकारो परिसदन में कांग्रेस पार्टी की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस बोकारो जिला अध्यक्ष उमेश गुप्ता ने की।
इस अवसर पर उमेश गुप्ता ने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार जन-जागरूकता अभियान चला रही है। इसी कड़ी में 8 जून को एक ऐतिहासिक रैली और सभा का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर जिले के सभी प्रखंडों के कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा और रणनीति बनाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि रैली में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, झारखंड कांग्रेस प्रभारी समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को कार्यक्रम में शामिल कराने के लिए जुट जाएं, ताकि संविधान की रक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचे।